New Delhi: एशियन गेम्स 2026 के 10वें दिन भारत ने शूटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। हरियाणा की नीरू ढांडा ने व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वह एशियन गेम्स के ट्रैप शूटिंग इवेंट में व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं।
नीरू ने फाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए 30 में से 28 निशाने सटीक लगाए और स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। उनके प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने एशियन और एशियन गेम्स रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। चीन की सुन युनोंग ने 30 में से 26 निशाने लगाकर सिल्वर मेडल जीता, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने 21 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
नीरू ढांडा का यह एशियन गेम्स 2026 में दूसरा पदक है। इससे पहले नीरू ढांडा, आशीमा अहलावत और मनीषा कीर की भारतीय तिकड़ी ने महिला ट्रैप शूटिंग टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था। भारतीय टीम ने कुल 328 का स्कोर किया था। चीन ने 346 के स्कोर के साथ गोल्ड और कुवैत ने 325 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
नीरू के व्यक्तिगत गोल्ड के साथ भारत की शूटिंग में पदकों की संख्या 14 हो गई है। शूटिंग में भारत के खाते में अब दो गोल्ड मेडल हैं। इससे पहले कमलजीत और सुरुचि सिंह ने मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में भारत को गोल्ड मेडल दिलाया था।
एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या अब 47 हो गई है। भारत ने 5 गोल्ड, 21 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं।
मेडल टैली में चीन 236 पदकों के साथ शीर्ष पर है। चीन के खाते में 135 गोल्ड, 55 सिल्वर और 46 ब्रॉन्ज मेडल हैं। जापान 42 गोल्ड, 68 सिल्वर और 63 ब्रॉन्ज सहित कुल 173 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दक्षिण कोरिया 22 गोल्ड, 26 सिल्वर और 44 ब्रॉन्ज सहित कुल 92 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

Chief Editor, Aaj Khabar
