Headlines

Pauri: लाइनमैन की करंट से मौत पर सख्त सीएम धामी, तीन अधिकारी निलंबित

Dehradun News
शेयर करे-

Pauri: रिखणीखाल ब्लॉक के वड्डाखाल क्षेत्र में बिजली लाइन पर काम करते समय संविदा लाइनमैन की करंट लगने से हुई मौत के मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता से लिया है। घटना की शिकायत विधायक महंत दलीप सिंह रावत द्वारा की गई, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर संबंधित उपखण्ड अधिकारी चंद्रमोहन, अवर अभियंता शुभम कुमार और अधिशासी अभियंता विनीत कुमार सक्सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कदम कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि कार्यस्थलों पर लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण मौजूद हों।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने कर्तव्यों और दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। यदि इसमें किसी प्रकार की ढिलाई पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा कि जोखिमपूर्ण कार्यों के दौरान फील्ड कर्मियों को सभी आवश्यक सुरक्षात्मक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPCL) के उच्चाधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे इस संबंध में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें कि विभाग के पास कितने सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हैं और क्या वे फील्ड कर्मियों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार हर कर्मचारी के जीवन और सुरक्षा को सर्वोपरि मानती है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही को क्षम्य नहीं समझा जाएगा।

For latest news updates click here

For English news updates click here

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *