Haldwani: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को भाजपा कुमाऊं संभाग कार्यालय में जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने की।
कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और जिलाध्यक्ष के स्वागत संबोधन से हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।
कुंदन परिहार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने का प्रयास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
लाभार्थियों के घर जलेंगे ‘आशीर्वाद के दीये’:
अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत बूथ स्तर के कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचकर दीप प्रज्वलित करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं देंगे।
बच्चों से लेकर युवाओं तक जुड़ेंगे कार्यक्रम:
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों को अभियान से जोड़ा जाएगा। स्कूलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा और सुशासन के कार्यकाल पर आधारित चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लघु फिल्मों के जरिए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पिछले 25 वर्षों की सेवा एवं विकास यात्रा को जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्कर्स का सम्मान:
कुंदन परिहार ने ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और उनकी माताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता देशभर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा वर्कर्स के घर पहुंचकर उनके योगदान के लिए सम्मानित करेंगे।
‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के जरिए केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक और प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाया जाएगा। उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं के लाभार्थियों की बदलाव की कहानियों के वीडियो और रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने का आह्वान किया गया।
डिजिटल रथों से पहुंचाया जाएगा विकसित भारत का संदेश:
प्रदेश महामंत्री ने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को ऐसे स्थानों का भ्रमण कराने की बात कही, जहां विकास योजनाओं का वास्तविक प्रभाव दिखाई देता है। देशभर में डिजिटल रथों और विशेष यात्राओं के माध्यम से विकसित भारत@2047 का संदेश जनता तक पहुंचाया जाएगा।
इसी क्रम में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत गांव, जिला और राज्य स्तर पर यात्राएं निकाली जाएंगी। विभिन्न दिशाओं से आने वाली यात्राएं निर्धारित स्थान पर एकत्र होंगी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा और विकास उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में भागीदारी का अवसर:
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक को समाजसेवा में योगदान देने का अवसर मिलेगा। इसके अंतर्गत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, शिक्षा सहयोग, महिला स्वास्थ्य, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, खेल, दिव्यांगजन सहयोग और अंगदान संकल्प समेत 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में से किसी एक को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। इस दौरान उत्तराखंड सरकार की ‘जन-जन की सरकार, आपके द्वार’ पहल की जानकारी भी साझा की गई।
युवाओं के लिए राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज:
कार्यशाला में ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ की भी जानकारी दी गई। इसके तहत युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और इनोवेटर्स से देश की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए तकनीकी और नवाचार आधारित विचार आमंत्रित किए जाएंगे। विशेष रूप से जेन-जी को इस पहल से जोड़ने पर जोर दिया गया।
वहीं ‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक स्थलों पर मानव रंगोली सहित विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित होंगे। राष्ट्रभक्ति और भारत के विकास की थीम पर बड़े स्तर पर रंगोली प्रतियोगिताएं कराकर महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
सांसद और पदाधिकारियों ने भी रखे विचार:
कार्यशाला में नैनीताल लोकसभा सांसद अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल और जिला नैनीताल प्रभारी विवेक सक्सेना ने भी अभियान को लेकर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से अभियान के सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री एवं अभियान के जिला संयोजक रंजन बर्गली, जिला उपाध्यक्ष प्रगति जैन और जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा ने किया।
कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, जिला सह प्रभारी रणदीप पोखरिया, नैनीताल विधायक सरिता आर्य, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, हल्द्वानी नगर निगम महापौर गजराज बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनौटी, प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र नेगी, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, दिनेश आर्य, हरीश पांडेय, हुकुम सिंह कुंवर, मोहन पाठक, ध्रुव रौतेला, देवेंद्र ढैला, शांति महरा, भावना महरा, रेनू अधिकारी, शंकर कोरंगा सहित पार्टी के प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
