Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग में विभिन्न पदों पर चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह क्षण युवाओं के वर्षों के परिश्रम, समर्पण और संघर्ष की सफलता का स्वर्णिम अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया है, जो युवाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के चेहरों पर दिखाई दे रही मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने युवाओं को राज्य की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नई स्टार्टअप नीति राज्य में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा दे रही है, वहीं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
धामी ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब युवाओं के सपनों और उनके अभिभावकों के त्याग के साथ अन्याय होता था, लेकिन आज रिकॉर्ड समय में भर्तियां पूरी हो रही हैं और युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नकल माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी इसी गति और पारदर्शिता के साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते रहेंगे। साथ ही विभागों को रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक अवसर है और देश ने इस अवधि में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।


Chief Editor, Aaj Khabar
