Headlines

Washington: व्हाइट हाउस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को मार गिराया

Washington: व्हाइट हाउस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को मार गिराया
शेयर करे-

Washington: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में रविवार को राष्ट्रपति आवास व्हाइट हाउस के बाहर हुई फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस परिसर के अंदर मौजूद थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 30 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, एक संदिग्ध बंदूकधारी ने व्हाइट हाउस के बाहर मौजूद सिक्योरिटी बूथ को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। उस समय वहां अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारी तैनात थे। जवाबी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस के जवानों ने हमलावर को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल संदिग्ध की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

घटना में एक राहगीर के घायल होने की भी सूचना है, जबकि किसी भी सीक्रेट सर्विस अधिकारी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुरक्षाबलों ने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके को घेर लिया और हालात पर काबू पा लिया।

फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने भी घटना की पुष्टि की है। FBI वॉशिंगटन फील्ड ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि एजेंसी सीक्रेट सर्विस के साथ मिलकर मामले की जांच कर रही है। FBI निदेशक काश पटेल ने भी बयान जारी कर कहा कि जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

ताजा जानकारी के मुताबिक मारे गए संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय नेसिर बेस्ट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने रिवॉल्वर से फायरिंग की थी। घटना के बाद व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *