Headlines

Haldwani: हल्द्वानी की चौपाटियों से देहरादून तक छाया ‘बोबा बॉयज’, संघर्ष से सफलता तक पहुंची तीन दोस्तों की कहानी

Haldwani: हल्द्वानी की चौपाटियों से देहरादून तक छाया ‘बोबा बॉयज’, संघर्ष से सफलता तक पहुंची तीन दोस्तों की कहानी
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड में इन दिनों चौपाटियों और फूड स्टॉल्स का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। इसी ट्रेंड के बीच हल्द्वानी के तीन युवाओं की सफलता की कहानी लोगों के लिए प्रेरणा बन गई है। ‘बोबा बॉयज’ नाम से शुरू हुआ एक छोटा सा स्टॉल आज हल्द्वानी से लेकर देहरादून तक युवाओं की पहली पसंद बन चुका है।

इस स्टार्टअप की शुरुआत रुंद्रांश, गौरव और विशेष नाम के तीन दोस्तों ने की। तीनों दोस्त देहरादून स्थित ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से अंडरग्रेजुएशन कर रहे थे। पढ़ाई के दौरान ही उनके मन में एक नया बिजनेस आइडिया आया। उन्होंने सोचा कि अगर हल्द्वानी में बोबा ड्रिंक्स, कोल्ड कॉफी और शेक्स लॉन्च किए जाएं तो युवाओं के बीच इसका अच्छा क्रेज बन सकता है।

कॉलेज खत्म होने के बाद तीनों दोस्त हल्द्वानी पहुंचे और बैठकर अपने सपने को हकीकत में बदलने का फैसला किया। उन्होंने ‘बोबा बॉयज’ नाम से अपना फूड कार्ट तैयार कर लिया, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती सही लोकेशन की थी। शुरुआत में गलत जगह पर कार्ट लगाने के कारण पुलिस कार्रवाई भी हुई और विशेष समेत अन्य स्टॉल संचालकों को पूरी रात कोतवाली में रहना पड़ा। बाद में उन्हें एसडीएम कोर्ट से जमानत लेनी पड़ी।

हालांकि मुश्किलों के बावजूद तीनों दोस्तों ने हार नहीं मानी। उन्होंने अलग-अलग जगहों पर अपनी कार्ट लगानी शुरू की और धीरे-धीरे लोगों को उनकी कॉफी और बोबा ड्रिंक्स बेहद पसंद आने लगे। शानदार रिस्पॉन्स मिलने के बाद उन्होंने हल्द्वानी की पहली चर्चित चौपाटी हाइडिल क्षेत्र में अपना स्टॉल शुरू किया। इसके बाद उनकी मौजूदगी ईटबे चौपाटी मुखानी, खाऊ गली बरसाती नहर क्षेत्र तक पहुंच गई।

तीनों दोस्तों का सपना सिर्फ हल्द्वानी तक सीमित नहीं था। जिस देहरादून में बैठकर उन्होंने इस बिजनेस का सपना देखा था, वहीं अपनी पहचान बनाना उनका बड़ा लक्ष्य था। इसके बाद उन्होंने ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-2 के बाहर ‘बोबा बॉयज’ की नई शॉप शुरू की। देहरादून में भी उनके स्टॉल को युवाओं का जबरदस्त प्यार मिल रहा है।

आज ‘बोबा बॉयज’ के कुल चार आउटलेट्स संचालित हो रहे हैं और तीनों दोस्तों का सपना है कि आने वाले समय में उत्तराखंड के साथ-साथ देश के अलग-अलग राज्यों में भी उनके आउटलेट्स खुलें।

तीनों युवाओं की यह कहानी बताती है कि मेहनत, धैर्य और लगातार संघर्ष के दम पर किसी भी मुश्किल को पार किया जा सकता है। चुनौतियां चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हों, अगर इंसान अपने लक्ष्य के लिए लगातार मेहनत करता रहे तो सफलता एक दिन जरूर मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *