Headlines

Haldwani: मंडलायुक्त दीपक रावत की बैठक में बड़े फैसले, जसपुर से टनकपुर तक बसें और कॉर्बेट फाटो रेंज में 18 जिप्सियां चलाने की मंजूरी

Haldwani: मंडलायुक्त दीपक रावत की बैठक में बड़े फैसले, जसपुर से टनकपुर तक बसें और कॉर्बेट फाटो रेंज में 18 जिप्सियां चलाने की मंजूरी
शेयर करे-

Haldwani: कुमाऊं मंडल में परिवहन व्यवस्था को बेहतर और सुगम बनाने को लेकर संभागीय परिवहन प्राधिकरण, हल्द्वानी संभाग की बैठक गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नए मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट जारी करने के साथ पर्यटन क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में प्राधिकरण ने सर्वसम्मति से जसपुर से टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन को अनुमति प्रदान की। इसके साथ ही जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों के संचालन की अनुमति दी गई। वहीं वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र के लिए 8 जिप्सियों के संचालन को भी मंजूरी मिली।

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को जिप्सी संचालन की अनुमति देने पर भी सहमति बनी। इससे पर्यटन क्षेत्र में महिला जिप्सी संचालकों के लिए नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

बैठक में कुमाऊं मंडल के विभिन्न नए मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट की मांग से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने अलग-अलग मार्गों पर परिवहन सुविधाओं की आवश्यकता से संबंधित जानकारी प्राधिकरण के सामने रखी। इसके अलावा वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को परमिट प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन, परिवहन व्यवसायियों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को परमिट से संबंधित कार्यों में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित प्रस्तावों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

मंडलायुक्त ने कॉर्बेट और अन्य पर्यटन क्षेत्रों में जिप्सियों की आवश्यकता का विस्तृत आकलन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने वन विभाग से वर्तमान में संचालित जिप्सियों और पर्यटकों की संख्या के आधार पर आवश्यक जिप्सियों की मांग का विस्तृत विवरण प्राप्त करने को कहा। इस विवरण के परीक्षण के बाद आगामी बैठक में जिप्सी संचालन से संबंधित आगे के निर्णय लिए जाएंगे।

इसके अलावा मंडल में विभिन्न मार्गों पर बस संचालन की मांग का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार परिवहन परमिट जारी किए जा सकें। निर्धारित मार्ग से अलग या तय रूट के विपरीत वाहन संचालित करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्णय भी बैठक में लिया गया।

बैठक में प्राधिकरण सदस्य सुनील शर्मा, ललित सिंह, आरटीओ गुरदेव सिंह, एआरटीओ संदीप शर्मा, विपिन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

For latest news updates click here

News Update
Image

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *