Headlines

Dehradun: भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी पहली बार पहुंचीं उत्तराखंड, देहरादून में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर मंथन

Dehradun: भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी पहली बार पहुंचीं उत्तराखंड, देहरादून में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर मंथन
शेयर करे-

Dehradun: भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के महासमुंद से सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रथम उत्तराखंड दौरे पर महिला मोर्चा की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान देहरादून नगर निगम टाउन हॉल में प्रेस वार्ता के साथ महिला मोर्चा की परिचयात्मक और संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई।

उत्तराखंड प्रवास के दौरान रूपकुमारी चौधरी ने आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत फनवली आंगनवाड़ी माजरी पहुंचकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। इसके बाद नगर निगम टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में महिला मोर्चा की आगामी कार्ययोजना, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को महिलाओं तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई।

प्रेस वार्ता में रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि भाजपा में महिला शक्ति संगठन की सहभागी ही नहीं बल्कि उसकी मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व के नए अवसर मिले हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम, लखपति दीदी, स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमिता और कौशल विकास जैसी पहल महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने महिला मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा महिलाओं के बीच लगातार संपर्क और संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा का दायित्व संगठन विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है।

भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी का देवभूमि में प्रथम आगमन पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन प्रदेश महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, युवा महिलाओं को अवसर उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के लिए महिला मोर्चा लगातार कार्य कर रहा है।

रुचि भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए महिलाओं के लिए स्वरोजगार, कौशल विकास, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन, स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करना तथा महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना प्राथमिकताओं में शामिल है।

बैठक में संगठनात्मक विस्तार, आगामी कार्यक्रमों, बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और महिला सशक्तीकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे महिला मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी शैलेंद्र बिष्ट, देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुमन सिंह, प्रदेश महामंत्री हिमानी वैष्णव और रश्मि रस्तोगी, राज्यमंत्री मधु भट्ट, ज्योति कोटिया और विनोद उनियाल समेत पार्टी और महिला मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके बाद रूपकुमारी चौधरी ने प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की। शाम को वह ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती में शामिल होने के लिए रवाना हुईं। उनके प्रथम उत्तराखंड आगमन को लेकर महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

For latest news updates click here

News Update
Image

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *