Nainital: नैनीताल जिले के लालकुआं और बिन्दुखत्ता क्षेत्र में लगातार हो रही नकबजनी और चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए लालकुआं पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर करीब 35 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में वर्ष 2025 और 2026 की तीन सनसनीखेज चोरी की वारदातों को कबूल किया है।
पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को चित्रकूट तिवारी नगर बिन्दुखत्ता निवासी चन्द्रा देवी ने घर का ताला तोड़कर सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना लालकुआं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को वर्ष 2025 में हुई दो अन्य चोरी की घटनाओं से भी समानता मिली, जिनमें लाखों के जेवर और नकदी चोरी हुई थी।
एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार और प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैन्युअल इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों पर नजर रखी।
23 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी के जेवर बेचने के लिए एक संदिग्ध बिन्दुखत्ता क्षेत्र में आया हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भानु प्रताप निवासी बहेड़ी, बरेली बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने के टूटे हुए आभूषण बरामद हुए। वहीं एक पंखानुमा हीटर की प्लेट के अंदर छिपाकर रखे गए सोने के जेवर भी पुलिस ने बरामद किए।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह दिन में बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और मौका मिलते ही ताले तोड़कर घरों से जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो जाता था। आरोपी ने यह भी बताया कि कुछ जेवर बेचकर वह रकम खर्च कर चुका है, जबकि बाकी सामान बेचने की फिराक में था।
पुलिस ने तीनों मुकदमों से संबंधित करीब 20 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, नथ, मांगटीका, झुमके, चेन और अन्य जेवर शामिल हैं। बरामद माल की कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
