Dehradun: राज्य के आपदा पीड़ितों एवं गरीब व वंचित बच्चों के सहयोग के लिए सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरीश चंद्र जोशी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की। वर्तमान में वसंत विहार, देहरादून में निवासरत एवं मूल निवासी जहरिखाल, पौड़ी गढ़वाल के ब्रिगेडियर जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर चेक सौंपा।
यह आर्थिक सहयोग पूर्व में आई दैवीय आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को सुदृढ़ करने तथा आपदा से प्रभावित गरीब एवं वंचित बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका में सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से दिया गया है। ब्रिगेडियर जोशी की इस पहल को समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व की मिसाल माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने उनके इस योगदान की सराहना करते हुए कहा कि एक अनुभवी सैन्य अधिकारी के रूप में ब्रिगेडियर जोशी की यह पहल राज्य और समाज के समग्र विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरक प्रयास अन्य लोगों को भी सेवा और सहयोग के लिए आगे आने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर एच. के. जोशी की पुत्री सुश्री शानू जोशी भी उपस्थित रहीं।


Chief Editor, Aaj Khabar
