Dehradun: राजधानी देहरादून में विगत 15 दिनों के भीतर हुई 5 हत्याओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य आंकड़ा नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।
श्री आर्य ने कहा कि जब प्रदेश की राजधानी ही असुरक्षित हो जाए तो आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और शासन-प्रशासन मौन दर्शक बना हुआ है। हत्या जैसी जघन्य घटनाओं का लगातार सामने आना यह दर्शाता है कि पुलिस तंत्र पर दबाव या ढिलाई है, अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है तथा खुफिया एवं निगरानी व्यवस्था कमजोर पड़ चुकी है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजधानी में 15 दिन में 5 मर्डर होना किसी भी सरकार के लिए गंभीर चेतावनी है। यह केवल आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि हर परिवार की सुरक्षा का प्रश्न है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन सभी मामलों की उच्चस्तरीय समीक्षा की जाए, अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, पुलिस गश्त और खुफिया तंत्र को सशक्त किया जाए तथा अब तक की गई कार्रवाई की पारदर्शी जानकारी जनता के सामने रखी जाए।
श्री आर्य ने कहा कि यदि समय रहते कठोर और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो जनता का विश्वास पूरी तरह डगमगा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजधानी सुरक्षित होगी तभी राज्य सुरक्षित होगा, अब कार्यवाही का समय है, बयानबाजी का नहीं।

Chief Editor, Aaj Khabar
