Dehradun: राजधानी देहरादून का सबसे व्यस्त और पॉश इलाका राजपुर रोड शुक्रवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से बाहर निकल रहे स्टोन क्रेशर कारोबारी विक्रम शर्मा की बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। शहर के बीचों-बीच हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सहस्रधारा रोड स्थित ग्रीन व्यू निवासी विक्रम शर्मा काशीपुर में स्टोन क्रेशर का कारोबार करते थे। प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह भी वह सिल्वर सिटी स्थित जिम में वर्कआउट करने पहुंचे थे। जैसे ही वह जिम से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विक्रम शर्मा सुरक्षा के लिहाज से हमेशा अपनी लाइसेंसी पिस्टल साथ रखते थे। घटना के समय भी पिस्टल उनके पास थी, लेकिन हमलावरों ने इतनी तेजी से हमला किया कि उन्हें आत्मरक्षा का अवसर ही नहीं मिल पाया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी सोनिया शर्मा बदहवास हालत में मौके पर पहुंचीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से व्यापारी वर्ग और स्थानीय निवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
एसएसपी अजय सिंह ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने सिल्वर सिटी मॉल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। शहर के एग्जिट पॉइंट्स पर चेकिंग तेज कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
देहरादून में तीन दिन के भीतर यह दूसरा बड़ा हत्याकांड है। राजपुर रोड जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब कारोबारी प्रतिद्वंद्विता और पुरानी रंजिश समेत हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि कातिलों तक जल्द पहुंचा जा सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
