Headlines

Dehradun: देहरादून के कालसी में HRTC बस खाई में गिरी, तीन यात्रियों की मौत

Haldwani Newss
शेयर करे-

Dehradun: देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। हरिपुर–क्वानू–मीनस मार्ग पर कालसी क्षेत्र में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश से पांवटा साहिब की ओर जा रही बस (नंबर HP-66A-2588) में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

03 फरवरी 2026 को CCR देहरादून से सूचना मिलने के बाद SDRF को अलर्ट किया गया। SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी पोस्ट से टीमें तुरंत रवाना की गईं। दुर्गम इलाके में रस्सियों की मदद से खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया गया और घायलों को बाहर निकाला गया।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण दूसरे वाहन को पास देने के दौरान बस का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है। इसी दौरान चालक ने बस को सड़क से अधिक बाहर मोड़ दिया, जिससे वह खाई में गिर गई। बस चालक का नाम दिनेश शर्मा और परिचालक का नाम जगदीश चंद बताया गया है।

घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यात्री बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *