INDIA US TRADE DEAL: भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते पर आखिरकार सहमति बन गई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की। हालांकि डील के विस्तृत प्रावधान अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, लेकिन पारस्परिक टैरिफ में बड़ी कटौती को दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों के लिए अहम कदम माना जा रहा है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने पोस्ट में बताया कि भारत पर लगाए गए पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। यह घोषणा उस टेलीफोन बातचीत के बाद की गई, जो सोमवार को ट्रंप और नरेंद्र मोदी के बीच हुई। बातचीत में व्यापार के साथ-साथ रूस-यूक्रेन युद्ध और ऊर्जा आपूर्ति जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
ट्रंप के पोस्ट की प्रमुख बातें
- ट्रंप ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी जैसे “सम्मानित और ताकतवर नेता” से बात करना उनके लिए सम्मान की बात रही।
- दोनों नेताओं ने व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराने जैसे विषयों पर चर्चा की।
- ट्रंप के अनुसार, भारत रूस से तेल खरीद कम करने और अमेरिका व वेनेजुएला से ऊर्जा आयात बढ़ाने पर सहमत हुआ है।
- दोनों देशों के बीच ट्रेड डील पर तत्काल प्रभाव से सहमति बनी, जिसके तहत अमेरिका ने टैरिफ 25% से घटाकर 18% कर दिया।
- पोस्ट में यह भी कहा गया कि भारत अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और नॉन-टैरिफ बैरियर को घटाकर शून्य करने की दिशा में कदम बढ़ाएगा।
- भारत द्वारा 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, तकनीक, कृषि और अन्य उत्पाद खरीदने का भी उल्लेख किया गया।
https://twitter.com/whitehouse/status/2018372976811413706?s=46
पीएम मोदी की प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत होना देश के 1.4 अरब लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने ट्रंप का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि भारत-अमेरिका साझेदारी आने वाले समय में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
पहले से चल रही थी बातचीत
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत पिछले साल फरवरी में वॉशिंगटन में पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात के बाद तेज हुई थी। हालांकि बाद में भारतीय उत्पादों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने से प्रक्रिया धीमी पड़ गई थी। हाल के महीनों में वाणिज्य मंत्रालय स्तर पर लगातार बातचीत होती रही और सहमति के संकेत पहले ही मिल चुके थे।
अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका द्वारा लगाए गए मौजूदा टैरिफ में भारत की स्थिति कई प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में बेहतर है। अमेरिका ने इंडोनेशिया पर 19%, वियतनाम और बांग्लादेश पर 20% जबकि चीन पर 34% टैरिफ लगाया हुआ है। ऐसे में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को भारतीय निर्यात के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
