Ramnagar: नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में शनिवार को वांछित अभियुक्त और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय रामनगर भेजा गया।
मामला कोतवाली रामनगर में 11 अगस्त 2026 को दर्ज एफआईआर संख्या 252/2026 से संबंधित है। अभियोग में धारा 109(1), 190(3) और 351 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए रामनगर पुलिस लगातार दबिश और तलाश अभियान चला रही थी।
15 अगस्त को पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में रवाना थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले में वांछित चंदन सागर पुत्र स्वर्गीय छत्रपाल सिंह, निवासी शिवलालपुर लूटाबड़, अपने घर पर मौजूद है। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
पुलिस ने उसका पीछा किया। हाथीडगर के पास फॉरेस्ट चौकी के समीप पहुंचने पर अभियुक्त ने कथित तौर पर तमंचे से पुलिस टीम पर एक राउंड फायर किया और मालधन की ओर भाग निकला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
संयुक्त पुलिस टीम ने 64 नंबर गेट से मालधन जाने वाली सड़क के जंगल क्षेत्र में अभियुक्त को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर चंदन सागर ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से दोबारा दो राउंड फायर किए।
इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी और वह पेड़ के नीचे घायल होकर गिर गया। पुलिस टीम ने तत्काल उसे सरकारी वाहन से संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से हथियार और घटना में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी दी है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
