Nainital: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को नैनीताल जनपद के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी चोरगलिया पहुंचे। हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा विभिन्न जनसमस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकता है। छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के प्रभावी और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 993 लाख रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।
शेर नाला मानसून के दौरान उफान पर आने से क्षेत्र में आवागमन प्रभावित होता था। पुल के अभाव में स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नवनिर्मित डबल लेन पुल के शुरू होने से क्षेत्रीय जनता के साथ ही पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी और मानसून के दौरान आवाजाही में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
क्षेत्रीय लोगों ने पुल के लोकार्पण पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
