Headlines

Haldwani: कुमाऊँ में भाजपा संगठन को मजबूत करने पर मंथन, सीएम धामी ने आगामी चुनावी रणनीति को लेकर पदाधिकारियों से किया संवाद

Haldwani: कुमाऊँ में भाजपा संगठन को मजबूत करने पर मंथन, सीएम धामी ने आगामी चुनावी रणनीति को लेकर पदाधिकारियों से किया संवाद
शेयर करे-

Haldwani: भारतीय जनता पार्टी की कुमाऊँ संभाग की जिला एवं मंडल अध्यक्षों की संगठनात्मक बैठक रविवार को लालकुआं विधानसभा के गौलापार मंडल अंतर्गत चोरगलिया स्थित नंधौरगढ़ रिसोर्ट में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुआ। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कुमाऊँ संभाग के जिला एवं मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है और संगठन को लगातार मजबूत करने के लिए इस तरह की बैठकें बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार मिलकर जनता के हित में काम कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। संगठन के पदाधिकारियों से सीधे संवाद के माध्यम से जमीनी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं और सुझावों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, पार्टी कार्यक्रमों और संगठन की रणनीति को लेकर पदाधिकारियों के साथ चर्चा करना है। उन्होंने जिला एवं मंडल अध्यक्षों से कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद बनाए रखने, संगठन की स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर मंथन करने तथा कार्यकर्ताओं की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

इस दौरान सीएम धामी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से भाजपा पर दलित विरोधी होने को लेकर लगाए गए आरोपों को मिथ्या बताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। ऐसे में किसी जाति विशेष के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की बात सोचना भी संभव नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के अपमान, सनातन और महिला विरोधी रवैये तथा विशेष समुदाय के वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अनेक चुनाव हारने के बावजूद कांग्रेस अपनी गलतियों से सीख नहीं लेना चाहती।

बैठक में मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए जिला एवं मंडल अध्यक्षों से इन्हें जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी का संगठन लगातार विस्तार और मजबूती की दिशा में कार्य कर रहा है। मंडल एवं जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, पार्टी की गतिविधियों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। भाजपा नेतृत्व की ओर से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में हुई इस बैठक को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार की उपस्थिति रही, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया। बैठक में कुमाऊँ संभाग के विभिन्न संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों के साथ करीब 130 मंडल अध्यक्षों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *