Headlines

New Delhi: राकेश थपलियाल बने एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राकेश शर्मा महासचिव निर्विरोध निर्वाचित

New Delhi: राकेश थपलियाल बने एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राकेश शर्मा महासचिव निर्विरोध निर्वाचित
शेयर करे-

New Delhi: इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (आईएफजे) से संबद्ध नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) (एनयूजेआई) के द्विवार्षिक चुनाव में वरिष्ठ पत्रकार राकेश थपलियाल (दिल्ली) को राष्ट्रीय अध्यक्ष और राकेश शर्मा (जयपुर) को महासचिव निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। संगठन के सभी पदाधिकारी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भी निर्विरोध चुने गए हैं।

एनयूजेआई के चुनाव अधिकारी अशोक किंकर ने संगठन के मुख्यालय, 7 जंतर मंतर रोड, नई दिल्ली में चुनाव परिणामों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि नामांकन वापसी के बाद उपाध्यक्ष पद पर सिलवेरी श्रीशैलम (तेलंगाना), प्रशांत चक्रवर्ती (त्रिपुरा), राजीव नयनम (झारखंड), डॉ. रणेश राणा (हिमाचल प्रदेश) और अरविंद सिंह (उत्तर प्रदेश) निर्विरोध चुने गए।

सचिव पद पर अयान मुखर्जी (पश्चिम बंगाल), मयूख गोस्वामी (असम) और अनिता चौधरी (दिल्ली) निर्वाचित हुए, जबकि उत्तराखंड के आर. सी. कन्नौजिया को कोषाध्यक्ष चुना गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान एनयूजेआई चुनाव आयोग के अध्यक्ष दधिबल यादव भी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ पत्रकारों को निर्विरोध चुना गया है। इनमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, तेलंगाना, केरल, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, असम और पश्चिम बंगाल के प्रतिनिधि शामिल हैं।

एनयूजेआई के अध्यक्ष रास बिहारी ने बताया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी 19 और 20 सितंबर 2026 को जयपुर में आयोजित महाधिवेशन के दौरान कार्यभार ग्रहण करेंगे। इस महाधिवेशन में देशभर से दो हजार से अधिक पत्रकारों के शामिल होने की संभावना है, जहां मीडिया से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए देश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने मीडिया काउंसिल और मीडिया कमीशन के गठन की मांग दोहराते हुए कहा कि पत्रकारों पर बढ़ते हमलों को रोकने के लिए प्रभावी कानूनी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *