Headlines

Dehradun: देहरादून में गणेश गोदियाल का भव्य स्वागत, आज संभालेंगे प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार

Dehradun: देहरादून में गणेश गोदियाल का भव्य स्वागत, आज संभालेंगे प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार
शेयर करे-

Dehradun: कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल आज दिल्ली से लौटते ही जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं के ज़ोरदार स्वागत से अभिभूत नजर आए। एयरपोर्ट पर हरक सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। आज ही वे देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण करेंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, दोनों सह-प्रभारी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की उपस्थिति तय मानी जा रही है।

राजनीतिक सफर

गणेश गोदियाल का राजनीतिक करियर उतार-चढ़ाव और महत्वपूर्ण उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने 2002 में पहली बार थैलीसैंण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इस चुनाव में उन्होंने भाजपा के दिग्गज नेता रमेश पोखरियाल निशंक को पराजित कर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया।

2007 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 2012 में परिसीमन के बाद श्रीनगर विधानसभा सीट से दोबारा चुनाव लड़ा और भाजपा प्रत्याशी धन सिंह रावत को हराकर विधानसभा पहुंचे। सतपाल महाराज के भाजपा में जाने के बाद उन्होंने कांग्रेस संगठन में अपनी पकड़ और मजबूत की।

2017 के चुनाव में वे मोदी लहर के सामने चुनाव हार गए। इसके बावजूद, 22 जुलाई 2021 को कांग्रेस ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी। हालांकि 2022 के चुनाव में मिली हार के बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा।

2024 में वे गढ़वाल लोकसभा सीट से लड़े, लेकिन बीजेपी उम्मीदवार अनिल बलूनी से हार गए। पौड़ी गढ़वाल के कंडारस्यूं भहेड़ी गांव से ताल्लुक रखने वाले गणेश गोदियाल एक बार फिर पार्टी की कमान संभालने जा रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *