Dehradun: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान कथित अपमान के विरोध में सोमवार, 7 सितंबर को देहरादून में कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास घेराव का आह्वान करते हुए प्रदेशभर से नेताओं और कार्यकर्ताओं को राजधानी में जुटाया।
कांग्रेस कार्यकर्ता सबसे पहले परेड ग्राउंड पहुंचे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक परंपराओं और विपक्ष के सम्मान के खिलाफ है।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। इस दौरान देहरादून में भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में डटे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
हालांकि, पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हाथीबड़कला चौकी के समीप बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और नेता मौके पर ही धरने पर बैठ गए।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और कहा कि कांग्रेस जनता व कार्यकर्ताओं की आवाज सरकार तक पहुंचाती रहेगी।
परेड ग्राउंड में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत विपक्ष के विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास कूच को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। प्रदर्शन और रूट डायवर्जन के कारण देहरादून के कई इलाकों में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

Chief Editor, Aaj Khabar
