Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: राहुल गांधी के बयानों के विरोध में हल्द्वानी में भाजपा का सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना, कांग्रेस पर जातिवादी राजनीति का आरोप

Haldwani: राहुल गांधी के बयानों के विरोध में हल्द्वानी में भाजपा का सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना, कांग्रेस पर जातिवादी राजनीति का आरोप
शेयर करे-

Haldwani: कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कथित बयानों के विरोध में भाजपा ने सोमवार को हल्द्वानी में सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना आयोजित किया। जिला नैनीताल भाजपा अध्यक्ष प्रताप बिष्ट के नेतृत्व में स्वर्गीय हरी प्रसाद टम्टा पार्क, पीडब्ल्यूडी कार्यालय तिकोनिया के पास आयोजित धरने में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर उत्तराखंड में जातिवादी मानसिकता को बढ़ावा देने, दलितों का अपमान करने और समाज में नफरत फैलाने का आरोप लगाया। जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस देश और प्रदेश में सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस मुद्दाविहीन होकर झूठे नैरेटिव गढ़ रही है।

प्रताप बिष्ट ने राहुल गांधी पर समाज में वैमनस्य फैलाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सामाजिक एकता, भाईचारे और सम्मान की रक्षा के लिए भाजपा लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कांग्रेस से राजनीतिक बयानबाजी में संयम बरतने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

धरने में शामिल कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड वीर शहीदों की जननी और देवभूमि के रूप में देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी की बयानबाजी के माध्यम से प्रदेश की शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण सामाजिक व्यवस्था में जातिवादी मानसिकता का जहर घोलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी किसी भी राजनीतिक बयानबाजी का विरोध करेगी, जिससे प्रदेश की सामाजिक एकता प्रभावित हो।

नैनीताल विधायक सरिता आर्य, हल्द्वानी महापौर गजराज बिष्ट और पूर्व महापौर जोगिंदर रौतेला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सभा स्थल के शुद्धिकरण के नाम पर जनता में भ्रम फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रही है।

धरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस के विरोध में नारेबाजी की। कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ लिखी तख्तियां लेकर भी पहुंचे और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की जनता जाति और वर्ग के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

धरने में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, हरीश पांडेय, शंकर कोरंगा, सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनौटी, जिला महामंत्री रंजन बरगली, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट एवं प्रतिभा जोशी, जिला अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रविंद्र बाली, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट और सुरेश गौर समेत विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *