Headlines

Dehradun: देहरादून में कांग्रेस का राजभवन कूच, बिगड़ती कानून व्यवस्था और अपराधों पर सरकार के खिलाफ गरजा विपक्ष

Dehradun: देहरादून में कांग्रेस का राजभवन कूच, बिगड़ती कानून व्यवस्था और अपराधों पर सरकार के खिलाफ गरजा विपक्ष
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं, महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ सोमवार को राजधानी देहरादून में कांग्रेस ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। लोक भवन (राजभवन) कूच से पहले परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा में हजारों कार्यकर्ताओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मंच से पार्टी के दिग्गज नेताओं ने भाजपा सरकार पर कुशासन, भ्रष्टाचार और जनादेश के अपमान के आरोप लगाए। जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत और चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रचंड बहुमत की सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और प्रदेश में भय का वातावरण व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में रोजगार के अवसर खत्म हो रहे हैं, पलायन जारी है और पहाड़ों में विद्यालय बंद किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की धीमी गति को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।

आर्य ने कहा कि धराली, बूढ़ा केदार, घनसाली, जोशीमठ, थराली, मुनस्यारी, धारचूला और तराई क्षेत्र के कई परिवार अब भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन को दबाने के लिए कांग्रेस के पोस्टर-बैनर हटाए गए, लेकिन पार्टी का संघर्ष अब और तेज होगा।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि प्रदेश में दिनदहाड़े गोलियां चल रही हैं और महिला अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं में निराशा है। किसानों को गन्ने के समर्थन मूल्य के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है और सेब उत्पादक भी सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा और बढ़ते अपराधों पर अंकुश की मांग को लेकर कांग्रेस निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।

चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने देहरादून जिले में 15 दिन के भीतर पांच हत्याओं का हवाला देते हुए कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों के आतंक से पहाड़ों में लोग भयभीत हैं। कांग्रेस का यह कार्यक्रम अमन-चैन की बहाली, युवाओं को रोजगार, नकल और पेपर लीक पर रोक तथा भू और शराब माफियाओं से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक भवन की ओर कूच किया। पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *