Headlines

Rishikesh: ऋषिकेश में सिलेंडर ब्लास्ट से बर्तन दुकान राख, चंद्रेश्वर नगर में धमाके से मची अफरा-तफरी

Rishikesh: ऋषिकेश में सिलेंडर ब्लास्ट से बर्तन दुकान राख, चंद्रेश्वर नगर में धमाके से मची अफरा-तफरी
शेयर करे-

Rishikesh: ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बर्तन की दुकान में गैस का छोटा सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक तेज धमाके के साथ दुकान से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। धमाके की आवाज सुनते ही स्थानीय लोगों की नींद खुल गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा सामान चपेट में आ गया।

स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत दुकानदार को सूचना दी और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान के भीतर रखा बर्तनों का पूरा स्टॉक जलकर खाक हो चुका था।

गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। फायर अधिकारी सुनील दत्त तिवारी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले 22 अप्रैल 2022 को ऋषिकेश के शिवाजी नगर स्थित गली नंबर 16 में एक टेंट हाउस के स्टोरेज में भीषण आग लगने से करीब छह सिलेंडर फट गए थे। उस घटना में भी दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *