Rishikesh: ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल नवरंग में चल रहे अवैध कैसिनो का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में कई लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया, जबकि पूरे मामले में 40 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी आईडीपीएल पुलिस चौकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल को होटल में अवैध कैसिनो संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और योजनाबद्ध तरीके से होटल पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान वहां जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से भागने की कोशिश करने लगे।
हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर कई लोगों को पकड़ लिया। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि कैसिनो में बाहर से महिलाओं को बुलाया गया था, जो इस अवैध गतिविधि का हिस्सा थीं।
ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि होटल नवरंग में महानगरों की तर्ज पर अवैध कैसिनो चलाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
