Haldwani: उत्तराखंड को ड्रग्स मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी में पुलिस टीम ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को एफटीआई गेट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने जोया खान (30 वर्ष) निवासी बनभूलपुरा को 132 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की कीमत करीब 36 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को एसएसपी नैनीताल द्वारा चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” का हिस्सा बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाकर नशा तस्करों पर नजर रखी जा रही है। सभी थाना प्रभारियों और एसओजी टीम को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज हैं। इससे पहले भी वह कानून के शिकंजे में आ चुकी है।
एसएसपी ने इस सफलता के लिए पुलिस टीम को 2000 रुपये का पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष के पहले तीन महीनों में अब तक 14 मामलों में कार्रवाई करते हुए 18 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इस दौरान कुल 901.242 ग्राम स्मैक, जिसकी कीमत लगभग 2 करोड़ 66 लाख 30 हजार रुपये है, बरामद की जा चुकी है।
इसके साथ ही पुलिस द्वारा नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों के खिलाफ जब्तीकरण की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है, ताकि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
