Headlines

Rishikesh: नाइट ड्यूटी के बाद घर लौट रहे शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की सड़क हादसे में मौत, पुलिस विभाग में शोक की लहर

Rishikesh: नाइट ड्यूटी के बाद घर लौट रहे शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की सड़क हादसे में मौत, पुलिस विभाग में शोक की लहर
शेयर करे-

Rishikesh: टिहरी जनपद के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा का निधन हो गया। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी इस दुखद घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी विनोद शर्मा सोमवार रात अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। मंगलवार सुबह नाइट ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने निजी वाहन से शिवपुरी चौकी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण वाहन चलाते समय आई झपकी माना जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही मुनि की रेती पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर काफी मशक्कत के बाद वाहन तक पहुंच बनाई और गंभीर रूप से घायल विनोद शर्मा को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुनि की रेती थाना के उपनिरीक्षक योगेश पाण्डेय ने बताया कि चौकी प्रभारी विनोद शर्मा नाइट ड्यूटी पूरी कर अपने निजी वाहन से शिवपुरी लौट रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है।

विनोद शर्मा अपने कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और जनसरोकारों के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग को गहरा आघात पहुंचा है। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, इस दुखद हादसे ने एक बार फिर लंबी ड्यूटी और थकान के बीच वाहन चलाने के जोखिमों को उजागर कर दिया है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले चंपावत जिले के बनबसा में एसओजी के एक जवान की जिम में व्यायाम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से पुलिस विभाग में चिंता का माहौल भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *