Nainital: माननीय जिला न्यायाधीश नैनीताल को प्राप्त सूचना के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ईमेल के माध्यम से जिला जज की आधिकारिक आईडी पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तत्काल अलर्ट मोड पर आ गया है।
एसएसपी नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी० के निर्देशन में पूरे जनपद के विभिन्न न्यायालय परिसरों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। एसपी नैनीताल डॉ० जगदीश चंद्र एवं एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल सहित वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वाड) और डॉग स्क्वाड टीमों द्वारा सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग अभियान चलाया जा रहा है।
न्यायालय परिसरों में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन तलाशी ली जा रही है तथा संदिग्ध वस्तुओं की विशेष जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी नैनीताल ने आमजन से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि सभी टीमें निर्धारित एसओपी के तहत सक्रियता से कार्य कर रही हैं। धमकी भरे ईमेल की जांच साइबर स्तर पर भी की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
