Headlines

Nainital: वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले 10 मार्च तक 100% बजट खर्च के निर्देश, डीएम ललित मोहन रयाल ने विकास कार्यों और बीस सूत्री कार्यक्रम में ए श्रेणी बनाए रखने के दिए निर्देश

Nainital: वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले 10 मार्च तक 100% बजट खर्च के निर्देश, डीएम ललित मोहन रयाल ने विकास कार्यों और बीस सूत्री कार्यक्रम में ए श्रेणी बनाए रखने के दिए निर्देश
शेयर करे-

Nainital: सोमवार को विकास भवन भीमताल सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में संचालित विकास कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष समाप्ति से पूर्व शेष समस्त धनराशि का व्यय प्रत्येक दशा में 10 मार्च से पहले सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नैनीताल जिला प्रदेश में अव्वल रहे, इसके लिए सभी विभाग योजनाओं में तेजी लाएं और बीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत सभी मदों में ए श्रेणी बनाए रखें।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों द्वारा इस वर्ष क्रय की गई सामग्री की शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ उसका भौतिक सत्यापन भी अनिवार्य रूप से किया जाए।

आगामी जिला योजना 2026-27 की तैयारी अभी से शुरू करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि विभाग अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार योजनाओं का चयन कर संरचना तैयार करें तथा जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दें। चालू कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए।

बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिन विभागों को निर्धारित लक्ष्य दिए गए हैं, वे इसी माह उन्हें पूर्ण कर ए श्रेणी प्राप्त करें। उन्होंने बाल विकास विभाग एवं पेयजल विभाग, जो वर्तमान में डी श्रेणी में हैं, को विशेष प्रयास कर लक्ष्य पूर्ति कर ए श्रेणी में आने के निर्देश दिए।

सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मौसम अनुकूल होते ही जिन मोटर मार्गों पर हॉटमिक्स व डामरीकरण कार्य होना है, उसे शीघ्र प्रारंभ कर समय पर पूरा किया जाए। जहां-जहां क्रैश बैरियर क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें तत्काल बदला जाए तथा सड़कों की नियमित निगरानी कर सुचारू आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

स्वच्छता को लेकर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाया। जिला पंचायतीराज विभाग को ग्राम पंचायतों में नियमित सफाई अभियान चलाने, सड़क किनारे कूड़ा उठान और उसके समुचित निस्तारण के निर्देश दिए। नगर निकायों को भी सतत स्वच्छता अभियान जारी रखने को कहा। साथ ही जिले की सभी झीलों की नियमित सफाई जाल आदि माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सैनिटोरियम के पास स्थित वन चौकी को कैंची भवाली बाईपास मार्ग पर नव निर्मित वन चौकी में स्थानांतरित करने के निर्देश वन विभाग और लोक निर्माण विभाग को दिए गए। दुग्ध विकास विभाग को दुग्ध समितियों के प्राथमिक सदस्यों को अच्छी नस्ल की दुधारू गाय यूनिट उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।

विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पूर्ण कार्यों का थर्ड पार्टी सत्यापन कराते हुए अवशेष धनराशि की मांग शीघ्र करने को कहा, ताकि 10 मार्च से पूर्व शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *