Dehradun: शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने यूआईआईडीबी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आरोपों पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस पर 7,000 बीघा जमीन आवंटित किए जाने का काल्पनिक आंकड़ा पेश कर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
कैड़ा ने कहा कि कांग्रेस पहले यह स्पष्ट करे कि 7,000 बीघा जमीन आखिर कहां बेची गई। सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि यूआईआईडीबी को 7,000 बीघा भूमि आवंटित किए जाने का दावा तथ्यहीन है। उनके मुताबिक अब तक बोर्ड को केवल 45 एकड़ भूमि उपलब्ध हुई है और 7,000 बीघा भूमि प्राप्त करने की कोई प्रक्रिया भी संचालित नहीं है।
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस यह भ्रम भी फैला रही है कि सरकार सरकारी जमीन बेच रही है, जबकि भूमि का स्वामित्व राज्य सरकार के पास ही रहेगा। निवेश परियोजनाओं के लिए भूमि का उपयोग निर्धारित नियमों और शर्तों के तहत लीज मॉडल पर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लीज की अवधि 60 वर्ष है, 90 वर्ष नहीं।
कैड़ा ने कहा कि कांग्रेस को हर विकास कार्य में घोटाला नजर आता है, क्योंकि उसकी राजनीति विकास के बजाय भ्रम और भय पैदा करने तक सीमित हो गई है। उन्होंने बताया कि यूआईआईडीबी का उद्देश्य अनुपयोगी सरकारी भूमि को किसी व्यक्ति या निजी संस्था को स्थायी रूप से सौंपना नहीं, बल्कि उपलब्ध संसाधनों का नियोजित उपयोग कर प्रदेश में निवेश आकर्षित करना है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी, वेलनेस, शिक्षा, स्वास्थ्य और आईटी जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाकर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। सरकार सरकारी संसाधनों को सुरक्षित रखते हुए उनका नियमानुसार बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना चाहती है।
मंत्री ने कहा कि धामी सरकार उत्तराखंड की जमीन और संसाधनों की कीमत समझती है और युवाओं के भविष्य की जरूरतों को भी ध्यान में रखती है। सरकार का लक्ष्य निवेश बढ़ाने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना है।
कैड़ा ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य कांग्रेस को इसलिए खटक रहा है, क्योंकि उसे विकास में भी राजनीति दिखाई देती है। उन्होंने कांग्रेस से 7,000 बीघा के दावे की राजनीति छोड़कर 45 एकड़ के वास्तविक तथ्य पर चर्चा करने को कहा।
उन्होंने दोहराया कि सरकार ने न तो 7,000 बीघा जमीन यूआईआईडीबी को दी है और न ही इतनी जमीन लेने की कोई प्रक्रिया चल रही है। कैड़ा ने कहा कि कांग्रेस का झूठ चाहे जितना बड़ा हो, तथ्य उससे बड़े हैं। धामी सरकार उत्तराखंड की जमीन का संरक्षण करते हुए निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए काम करती रहेगी।
अंत में कैड़ा ने कांग्रेस से विकास का विरोध करने के बजाय अपना स्पष्ट दृष्टिकोण जनता के सामने रखने को कहा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता आरोपों और अफवाहों से नहीं, बल्कि काम और तथ्यों से जवाब चाहती है।

Chief Editor, Aaj Khabar
