Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में ‘‘सतर्कता-हमारी साझा जिम्मेदारी’’ थीम पर आधारित जन जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह अभियान प्रदेशभर में 9 नवंबर तक चलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाई और सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि उनकी एकता की भावना आज भी प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पारदर्शी शासन की नई कार्य संस्कृति स्थापित हुई है। राज्य सरकार भी भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है। राज्य गठन के बाद सतर्कता विभाग ने 339 भ्रष्ट अधिकारियों-कर्मचारियों को गिरफ्तार किया, जबकि पिछले तीन वर्षों में 78 भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया।
उन्होंने बताया कि राज्य में भ्रष्टाचार रोकने के लिए टोल फ्री नंबर 1064 संचालित है, जिसके माध्यम से अब तक दस हजार शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें 62 मामलों में ट्रैप और 4 में खुली जांच की कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी भ्रष्टाचार करेगा, वह सलाखों के पीछे जाएगा। सभी विभागों को इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव एल. फैनई, निदेशक सतर्कता वी. मुरूगेशन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

