Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त माध्यम बन चुका है, जिसके जरिए प्रधानमंत्री विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरणादायक कहानियों को साझा कर लोगों को जनहित और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर लगातार दिए जा रहे संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों से समाज में उल्लेखनीय बदलाव ला रहे हैं और राज्य सरकार ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक उपाय अपनाने का आह्वान किया। साथ ही देसी और पारंपरिक पेय पदार्थों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए आम सहित भारतीय फलों की विशेषताओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्राओं से संवाद कर उनके विचार और फीडबैक प्राप्त किए। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अपनी रुचि के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास ही बड़े बदलावों की नींव रखते हैं। अच्छे कार्य और सकारात्मक पहल अन्य लोगों को भी प्रेरित करती हैं तथा समाज में बेहतर वातावरण का निर्माण करती हैं।
उन्होंने कहा कि निष्ठा और समर्पण के साथ किए गए कार्य न केवल व्यक्तिगत सफलता दिलाते हैं, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
