Haldwani: जनपद नैनीताल पुलिस के लिए रविवार का दिन बेहद दुखद रहा। पुलिस लाइन नैनीताल की परिवहन शाखा में तैनात मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का ड्यूटी के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। ब्रेन हैमरेज के कारण हुई उनकी आकस्मिक मृत्यु की खबर से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
करीब 35 वर्षों तक उत्तराखंड पुलिस की सेवा करने वाले टेक चंद अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से नैनीताल पुलिस ने एक अनुभवी और जांबाज साथी को खो दिया है।
रविवार को हल्द्वानी स्थित मोर्चरी पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मी को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। एसएसपी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि विभाग इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आश्रितों को हर संभव विभागीय सहायता उपलब्ध कराने तथा सभी देयकों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही अंतिम संस्कार के लिए तात्कालिक आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
दिवंगत मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बाजपुर ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें पुलिस नियमों के अनुसार शोक सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) देकर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
वर्ष 1991 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए टेक चंद ने 09 पीएसी मुरादाबाद, 31 पीएसी रुद्रपुर, अल्मोड़ा और नैनीताल सहित विभिन्न इकाइयों में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2008 से वह नैनीताल पुलिस के साथ जुड़े हुए थे और वर्तमान में पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में तैनात थे।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी सहित अनेक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद की निष्ठापूर्ण सेवाओं और कर्तव्यपरायणता को सदैव याद रखा जाएगा तथा उनके परिवार के प्रति विभाग हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।


Chief Editor, Aaj Khabar
