Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में नागरिक उड्डयन विभाग की गेमचेंजर योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने हवाई सेवाओं के नेटवर्क को दूरस्थ क्षेत्रों तक विस्तार देने और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हवाई सेवाओं के संचालन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है और इसके लिए उच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने चारधामों के लिए नियमित चार्टर सेवाओं की शुरुआत और राज्य में एयरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने पर भी बल दिया।
बैठक में नागरिक उड्डयन सचिव सचिन कुर्वे ने बताया कि पंतनगर में एक नया फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल स्थापित किया जा रहा है, जो नागरिक उड्डयन क्षेत्र में प्रशिक्षित पायलटों की बढ़ती मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके साथ ही, इसरो के सहयोग से हवाई यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु डिजिटल मैपिंग की क्षमता विकसित की जा रही है।
पिथौरागढ़ हवाई पट्टी को रीजनल हब सेंटर के रूप में विकसित करने की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय गुंजी, मुनस्यारी और आदि कैलाश जैसे क्षेत्रों की आवश्यकता और पर्यटन संभावनाओं को ध्यान में रखकर लिया गया है। साथ ही सीमांत क्षेत्रों में भारतीय सेना के सहयोग से नए हेलीपैड विकसित करने की भी योजना है।
इस बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, उकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान, अपर सचिव विनीत कुमार, और उकाडा के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय टोलिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

