Headlines

Dehradun: पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए आज थमेगा प्रचार, 49 विकासखंडों में 24 जुलाई को होगा मतदान

Nainital
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान की तैयारी पूरी हो गई है। 24 जुलाई को होने वाले पहले चरण के तहत गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कुल 49 विकासखंडों में मतदान संपन्न कराया जाएगा। इसके तहत प्रचार का शोर आज 22 जुलाई को शाम 5 बजे पूरी तरह थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी केवल डोर-टू-डोर प्रचार ही कर सकेंगे।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, पहले चरण में गढ़वाल मंडल के 6 जिलों के 26 विकासखंड और कुमाऊं मंडल के 6 जिलों के 23 विकासखंड मतदान में शामिल हैं। मतदान वाले दिन प्रचार की अनुमति सिर्फ पोलिंग बूथ के बाहर मतदान समाप्त होने तक यानी शाम 5 बजे तक रहेगी।

पहले चरण के तहत मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो चुकी है। सोमवार को कई टीमों को रवाना किया गया, जबकि आज भी दूरस्थ क्षेत्रों की टीमें भेजी गईं। शेष पोलिंग पार्टियां मंगलवार को रवाना होंगी। दूसरे चरण का मतदान 28 जुलाई को प्रस्तावित है और मतगणना 31 जुलाई को होगी, जिसके बाद अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार पंचायत चुनाव में कुल 47,77,072 मतदाता शामिल हैं, जिनमें 24,65,702 पुरुष, 23,10,996 महिला और 374 अन्य मतदाता हैं। मतदान प्रक्रिया के संचालन के लिए कुल 95,909 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी, सुरक्षा बल और अन्य कार्मिक शामिल हैं।

चुनाव मैदान की बात करें तो 32,580 प्रत्याशी विभिन्न पदों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें जिला पंचायत सदस्य के 350 पदों पर 1,587, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 2,732 पदों पर 9,194, ग्राम प्रधान के 6,119 पदों पर 17,564 और ग्राम पंचायत सदस्य के 1,881 पदों पर 4,235 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके अतिरिक्त, कई उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित भी हो चुके हैं — जिनमें 8 जिला पंचायत सदस्य, 240 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 1,361 ग्राम प्रधान और 20,820 ग्राम पंचायत सदस्य शामिल हैं।

प्रदेश के 49 विकासखंडों में होने वाले पहले चरण के चुनाव में शामिल प्रमुख विकासखंडों में ताकुला, धौलादेवी, ताड़ीखेत, सितारगंज, गदरपुर, बाजपुर, धारचूला, मुनस्यारी, रामगढ़, बागेश्वर, मोरी, पुरोला, देवाल, जौनपुर, थौलधार, विकासनगर, खिर्सु, पाबौ, रिखणीखाल, ऊखीमठ, अगस्त्यमुनि सहित अन्य नाम शामिल हैं।

चुनाव आयोग की ओर से शांति, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

For latest news updates click here

For English news updates click here  

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *