Dehradun: राजधानी देहरादून की तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। शहर से लेकर देहात तक लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लालतप्पर पुलिस चौकी पर स्कूटी सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भाग निकले। पीछा करने पर एक बदमाश खंडहर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरी ओर रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में नाकेबंदी के दौरान दूसरे बदमाश ने भी पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और उसे भी गिरफ्तार कर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुई हत्या को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट में अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। मृतक जीएमएस रोड स्थित ‘फर्म अमर दीप’ के नाम से भारत गैस एजेंसी का संचालन करता था।

Chief Editor, Aaj Khabar
