Dehradun: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बड़ी कार्रवाई की है। टिहरी की असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन और आरोपी खालिद की बहन हिना को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी खालिद और उसकी दूसरी बहन साबिया अब भी फरार हैं।
एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर रायपुर थाने में असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन समेत चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया कि परीक्षा शुरू होने के महज 35 मिनट बाद ही पेपर के 12 प्रश्न व्हाट्सएप पर सुमन तक पहुंचे। उसने तुरंत जवाब तैयार कर खालिद को भेजे और इस दौरान हिना व साबिया से भी संपर्क में रही। इसके बाद प्रश्नपत्र और उत्तर बॉबी पंवार तक पहुंचाए गए।
इससे पहले पुलिस ने नकल माफिया हाकम सिंह और पंकज गौड़ को गिरफ्तार किया था, जो अभ्यर्थियों को पास कराने के लिए लाखों में डील कर रहे थे। हाकम पहले भी नकल घोटाले में आरोपी रहा है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि एसपी देहात जया बलोनी इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच कर रही हैं। फरार आरोपियों की लोकेशन ट्रैक करने और दबिशें तेज कर दी गई हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। यह मामला एक बार फिर परीक्षा प्रणाली की पवित्रता पर सवाल खड़े कर रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
