Headlines

Ghaziabad: गाजियाबाद में कोरियन टास्क-आधारित ऑनलाइन गेम की लत, तीन बहनों ने की सामूहिक आत्महत्या

Ghaziabad: गाजियाबाद में कोरियन टास्क-आधारित ऑनलाइन गेम की लत, तीन बहनों ने की सामूहिक आत्महत्या
शेयर करे-

Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार तड़के करीब 2:15 बजे नौवीं मंज़िल से कूदकर तीन सगी बहनों ने आत्महत्या कर ली। मृतक बहनों की पहचान पाकी (12), प्राची (14) और विशिका (16) के रूप में हुई है। तीनों ने आत्महत्या से पहले हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें लिखा था—“सॉरी पापा।”

पुलिस के अनुसार, घटना भारत सिटी अपार्टमेंट परिसर की है। रात के सन्नाटे में तीनों बहनें बालकनी में गईं, दरवाज़ा अंदर से बंद किया और एक-एक कर नीचे कूद गईं। चीख-पुकार और गिरने की आवाज़ सुनकर माता-पिता, पड़ोसी और सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में पुष्टि हुई है कि तीनों बालिकाओं की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है। पुलिस को मौके से आठ पन्नों का सुसाइड नोट और एक डायरी मिली है, जिसमें मोबाइल और गेमिंग गतिविधियों का विस्तार से उल्लेख है।

सुसाइड नोट में लिखा है—“इस डायरी में जो कुछ भी लिखा है, सब पढ़ लेना, क्योंकि सब सच है। रीड नाउ। आई एम रियली सॉरी। सॉरी पापा।” नोट के साथ हाथ से बनाया गया रोते हुए इमोजी भी है। परिजनों के मुताबिक, तीनों बहनें एक कथित कोरियन टास्क-आधारित ऑनलाइन गेम और कोरियन संस्कृति से अत्यधिक प्रभावित थीं। उन्होंने कोरियन नाम भी अपना लिए थे और पढ़ाई से लगभग दो साल पहले ही दूरी बना ली थी।

परिजनों का कहना है कि हाल के दिनों में मोबाइल उपयोग पर रोक लगाए जाने से वे बेहद परेशान थीं। पिता चेतन कुमार ने रोते हुए कहा कि बच्चों ने कहा था—“कोरिया ही हमारी ज़िंदगी है, इसे हम छोड़ नहीं सकते।” पुलिस अधिकारी निमिष पटेल ने बताया कि फिलहाल किसी खास गेम के नाम की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुसाइड नोट में कोरियन संस्कृति का बार-बार जिक्र है।

पुलिस के अनुसार, तीनों बहनें हर काम साथ करती थीं—खाना, नहाना और दिनचर्या। उनकी गेमिंग आदतें कोविड-19 महामारी के दौरान शुरू हुईं और धीरे-धीरे लत में बदल गईं। मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *