Haldwani: उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में मंगलवार देर रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 फरवरी की रात करीब 11 बजे आरोपी संदीप जायसवाल घर पहुंचा। घर आते ही उसका अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गई। गुस्से में बेकाबू संदीप ने पास में रखा स्टील का लोटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने सोनू को तख्त पर पटक-पटककर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले की क्रूरता इतनी अधिक थी कि सोनू लहूलुहान होकर मौके पर ही अचेत हो गया।
परिजन आनन-फानन में घायल सोनू को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चश्मदीदों का कहना है कि वारदात के दौरान आरोपी यह चिल्ला रहा था कि उसका भाई उसकी जिंदगी बर्बाद कर रहा है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
