Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बने ‘थालसेवक’, हल्द्वानी की थाल सेवा में परोसा भोजन

Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बने ‘थालसेवक’, हल्द्वानी की थाल सेवा में परोसा भोजन
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित “थाल सेवा” में पहुंचकर स्वयं थालसेवक के रूप में सेवा दी। लिटिल मिरेकल फाउंडेशन द्वारा संचालित इस सेवा में मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों को अपने हाथों से भोजन परोसा, भोजन की गुणवत्ता जांची और संस्था को बर्तन सहित अन्य उपयोगी सामग्री भी भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 से सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज के समीप संचालित “थाल सेवा” बिना किसी सरकारी सहायता के तीमारदारों को मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध करा रही है। प्रतिदिन लगभग 1000 से 1200 लोग यहां भोजन करते हैं और अब तक 30 लाख से अधिक थाल बिना किसी अवकाश के परोसे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि उनके परिवार की ओर से भी प्रत्येक माह एक दिन थाल सेवा की जाती है और आज उसी सेवा दिवस पर वे स्वयं थालसेवक के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर टीम थाल सेवा के अध्यक्ष उमंग वासुदेवा सहित सदस्यों ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री ने जनसहभागिता से चल रही इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सेवाएं प्रदेश के अन्य शहरों में भी प्रारंभ होनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान बाजपुर निवासी विशाल को कृत्रिम टांग प्रदान की गई। कृत्रिम अंग विशेषज्ञ कविता भट्ट, डॉ. गौरव सिंघल तथा समाजसेवी श्याम अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि “लिटिल मिरेकल फाउंडेशन” द्वारा अक्टूबर 2018 से सोशल मीडिया के माध्यम से क्राउड फंडिंग के जरिए यह सेवा निरंतर संचालित की जा रही है। संस्था केवल 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने के साथ वस्त्र सेवा एवं उपचार सेवा भी चला रही है। समाज के लोग जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर थालसेवक बनकर इस अभियान से जुड़ते हैं।

हल्द्वानी में सुशीला तिवारी अस्पताल के पास शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य दूरदराज़ पहाड़ी क्षेत्रों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सस्ता, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। जनसहयोग से संचालित यह सेवा आज सामाजिक समर्पण का प्रेरक उदाहरण बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *