Haldwani: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी से वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया और टीकाकरण के लिए आई बालिकाओं से संवाद कर उन्हें टीके के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। वर्ष 2024 में देश में इस बीमारी के 78 हजार से अधिक मामले सामने आए और 42 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु हुई। इसी गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ करने का निर्णय लिया है, ताकि आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य मिल सके।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख से अधिक किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। उत्तराखंड में प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है तथा कोल्ड-चेन व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से देश में स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक परिवर्तन हुआ है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 819 हो चुकी है और पिछले 11 वर्षों में 23 नए एम्स स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है। उत्तराखंड में अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। राज्य के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें पाँच संचालित हैं और दो निर्माणाधीन हैं।
देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएँ प्रारंभ की गई हैं। हल्द्वानी में राज्य का प्रथम आधुनिक कैंसर संस्थान निर्माणाधीन है। हैली एंबुलेंस सेवा, निःशुल्क पैथोलॉजिकल जांच और टेलीमेडिसिन सेवाओं के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह या भ्रम में न आएं और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएँ। उन्होंने शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों और सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
