Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, दिग्गजों की मौजूदगी में दर्जनों नेताओं का पार्टी में शामिल होना बना चर्चा का केंद्र

Haldwani: हल्द्वानी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, दिग्गजों की मौजूदगी में दर्जनों नेताओं का पार्टी में शामिल होना बना चर्चा का केंद्र
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल जिला कांग्रेस एवं हल्द्वानी महानगर कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन ने कांग्रेस संगठन की मजबूती का स्पष्ट संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं, जबकि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने आयोजन को खास बना दिया।

सम्मेलन की शुरुआत राष्ट्रगीत के साथ हुई, जिसके बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री स्व. डॉ. इंदिरा हृदयेश को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान भाजपा की नीतियों से असंतुष्ट दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता लेने वालों में विजेंद्र चौहान, राजू रावत, लाखन नेगी, पुष्पा नेगी के नेतृत्व में रामगढ़ के ब्लॉक प्रमुख दीपक आर्य सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल रहे।

प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने और भाजपा सरकार की नीतियों को उजागर करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस ही उसका मजबूत विकल्प है।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की बात कही। उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे और चुनाव में जवाब देंगे।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग और जनता की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।

चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पूरी रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है और भाजपा की नाकामियों को जनता के सामने लाया जाएगा।

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कार्यक्रम में पहुंचे नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है और पार्टी लगातार मजबूत हो रही है।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कांग्रेस संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों को लेकर उत्साह को स्पष्ट कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और संचालन महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने किया।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *