Haldwani: देशभर में सामने आ रहे परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामलों के विरोध में शुक्रवार को हल्द्वानी में भी व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला। कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी आह्वान के समर्थन में उत्तराखंड क्रांति दल, आइसा, परिवर्तनकामी छात्र संगठन, एनएसयूआई सहित कई छात्र एवं सामाजिक संगठनों ने बुद्ध पार्क में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली और उनके इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। तिकोनिया चौराहे पर पुलिस ने शवयात्रा को रोकने और अर्थी अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
इसके बाद बुद्ध पार्क से विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता जुलूस के रूप में जिला अधिकारी कैंप कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के कारण तिकोनिया चौराहे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
उधर, प्रदेश के सबसे बड़े महाविद्यालय एमबीपीजी कॉलेज में भी एनएसयूआई कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकजुट हुए। छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर से बुद्ध पार्क तक रैली निकालकर पेपर लीक मामलों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष विवेक मिश्रा ने कहा कि नीट-यूजी पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में भी पेपर लीक का मामला सामने आने से राज्य सरकार के पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के दावे कमजोर पड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के बाद अब विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं की विश्वसनीयता भी सवालों के घेरे में है, इसलिए तकनीकी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
