Haldwani: राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को हल्द्वानी स्थित उच्च शिक्षा निदेशालय में नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने निदेशक उच्च शिक्षा और विभिन्न डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन भी किया।
बैठक के दौरान डिग्री कॉलेजों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और छात्रों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री रावत ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों की जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और उच्च शिक्षा संस्थानों में गुणवत्ता सुधार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
गौलापार डिग्री कॉलेज की भूमि से संबंधित मामले में लापरवाही पर मंत्री ने कॉलेज के प्रिंसिपल को फटकार लगाई और यह तक कह दिया कि, “क्यों न तुम्हारा ट्रांसफर कर दिया जाए?” यह टिप्पणी बैठक में मौजूद अधिकारियों और प्राचार्यों के लिए स्पष्ट संदेश थी कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य के सभी डिग्री कॉलेज शिक्षा के लिए उपयुक्त हैं और सरकार उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों व छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजनाएं चला रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से उत्तराखंड की उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और राज्य का शैक्षिक स्तर और ऊंचा उठेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
