Haldwani: हल्द्वानी में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्राथमिक विद्यालय तल्ली में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आंगन का मिलन कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों और परिवारों के लिए पोषण, स्वास्थ्य, जागरूकता और संवाद का सशक्त मंच बनाने पर जोर दिया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर तक चलने वाला आंगन का मिलन अभियान सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता का व्यापक अभियान बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. रावत ने घोषणा की कि प्रत्येक टॉपर छात्र छात्रा को सरकार की ओर से लैपटॉप दिया जाएगा। वहीं इंटरमीडिएट के बाद डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनावों में पहली बार बेटियों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत दो लाभार्थियों को 51-51 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। गोद भराई कार्यक्रम में चार लाभार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और फल वितरित किए गए। चार लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई।
शिक्षा मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय तल्ली, हल्द्वानी में शीघ्र ही एक अतिरिक्त कक्ष स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान का गंभीरता से क्रियान्वयन करने, व्यापक प्रचार प्रसार करने और कार्यक्रम की फोटो वीडियोग्राफी विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्तियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम में निश्चल पांडे, कंचन भट्ट, युगल शर्मा, मनोज शाह, दिनेश खुल्बे, किरन जोशी, पुष्कर लाल टम्टा, तारा सिंह, मीना आर्य, डॉ. रिचा शुक्ला, डॉ. कृष्ण मुरारी गुप्ता, अनुलेखा बिष्ट, पूनम गोस्वामी सहित विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां, आशा कार्यकर्तियां, छात्र छात्राएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
