Headlines

Haldwani: नैनीताल जिले के तीन बड़े कॉलेजों में एबीवीपी को झटका, एमबीपीजी में आर्यन बेलवाल समेत डीएसबी और रामनगर में निर्दलीयों की जीत

Haldwani: नैनीताल जिले के तीन बड़े कॉलेजों में एबीवीपी को झटका, एमबीपीजी में आर्यन बेलवाल समेत डीएसबी और रामनगर में निर्दलीयों की जीत
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल जिले में छात्रसंघ चुनाव के नतीजों ने इस बार नया समीकरण सामने रखा है। जिले के तीन प्रमुख महाविद्यालयों एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी, डीएसबी कैंपस नैनीताल और पीएनजी कॉलेज रामनगर में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। तीनों कॉलेजों में एबीवीपी के अधिकृत प्रत्याशी अध्यक्ष पद पर चुनाव हार गए।

कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालय एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की। आर्यन को 1723 वोट मिले, जबकि एनएसयूआई के मेहुल शाह को 1257 और एबीवीपी प्रत्याशी धीरज बिष्ट को 988 वोट मिले। परिणाम घोषित होने के बाद आर्यन बेलवाल के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने शपथ दिलाई।

नैनीताल के डीएसबी कैंपस में निर्दलीय प्रत्याशी भानु प्रताप चौहान ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्हें 1355 वोट मिले। एबीवीपी के शुभम कुमार को 873 और निर्दलीय हिमांशु आर्या को 283 वोट मिले। भानु प्रताप चौहान एबीवीपी से जुड़े रहे थे, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा।

पीएनजी कॉलेज रामनगर में अध्यक्ष पद का मुकाबला बेहद करीबी रहा। निर्दलीय नीरज कंडारी ने 738 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि एनएसयूआई के सूरज रावत को 733 वोट और एबीवीपी के विश्वास चौहान को 383 वोट मिले। नीरज ने महज 5 वोट के अंतर से अध्यक्ष पद अपने नाम किया।

जिले के विभिन्न कॉलेजों में अध्यक्ष पद के विजेता

एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी — आर्यन बेलवाल, निर्दलीय

पीएनजी कॉलेज रामनगर — नीरज कंडारी, निर्दलीय

डीएसबी कैंपस नैनीताल — भानु प्रताप चौहान, निर्दलीय

महिला डिग्री कॉलेज हल्द्वानी — दिया चेतवानी, निर्दलीय

गौलापार डिग्री कॉलेज हल्द्वानी — गीता कुंवर, एबीवीपी

कोटाबाग महाविद्यालय — लता आर्या, निर्दलीय

राजकीय महाविद्यालय पतलोट — पवन पनेरू, एबीवीपी

राजकीय महाविद्यालय बेतालघाट — नीमा, निर्दलीय

मालधनचौड़ महाविद्यालय — अभय प्रकाश, निर्दलीय

राजकीय महाविद्यालय दोपापानी — मुकेश बिष्ट, निर्दलीय

हल्दूचौड़ महाविद्यालय — हिमांशु पांडे, निर्दलीय

रामगढ़ महाविद्यालय — अध्यक्ष पद रिक्त, कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं था

एमबीपीजी कॉलेज में उपाध्यक्ष पद पर पूरन सिंह मेवाड़ी ने 1411 वोट हासिल कर वशिष्ठ कुमार को हराया। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर दीपा रैकुनी 1970 वोट के साथ विजयी रहीं। सचिव पद पर सार्थक रस्तोगी ने 2066 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।

कोषाध्यक्ष पद पर अक्षिता आर्या ने 1857 वोट पाकर जीत हासिल की। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर यतिन पांडे 1990 वोट के साथ विजयी रहे। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर कोमल आर्या, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर आयुष माहेश्वरी और कला संकाय प्रतिनिधि पद पर अदिति पाठक निर्वाचित हुईं।

छात्रसंघ चुनाव के इन नतीजों में जिले के प्रमुख कॉलेजों में निर्दलीय प्रत्याशियों की मजबूत मौजूदगी देखने को मिली। खास तौर पर एमबीपीजी, डीएसबी और पीएनजी कॉलेज में एबीवीपी के अधिकृत प्रत्याशियों को अध्यक्ष पद पर हार का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *