Headlines

Haldwani: हल्द्वानी छात्रसंघ चुनाव में 16 मतपत्र फाड़ने वाले प्रत्याशी पर होगी कार्रवाई, हंगामा और अराजकता करने वालों की भी होगी पहचान

Haldwani: हल्द्वानी छात्रसंघ चुनाव में 16 मतपत्र फाड़ने वाले प्रत्याशी पर होगी कार्रवाई, हंगामा और अराजकता करने वालों की भी होगी पहचान
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के दौरान निर्दलीय अध्यक्ष पद प्रत्याशी आर्यन बेलवाल के 16 मतपत्र फाड़ने के मामले में पुलिस आरोपी प्रत्याशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करेगी। 29 सितंबर को मतगणना स्थल पर हुई इस घटना के संबंध में कॉलेज प्राचार्य की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट को तहरीर दी गई है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद होगी।

बताया गया कि मतगणना के पहले राउंड से पीछे चल रहे अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ने आक्रोशित होकर गणना स्थल पर ही निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल के 16 मतपत्र फाड़ दिए थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को खदेड़ते हुए कमरे से बाहर किया। घटना सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

इसके बाद कॉलेज गेट के बाहर धरने पर बैठे एबीवीपी समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित किया। घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि मतपत्र फाड़ने के आरोप में पुलिस जल्द प्राथमिकी दर्ज करेगी। उन्होंने बताया कि कॉलेज के बाहर वाहन खड़े कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने और अराजकता करने वालों को भी वीडियो एवं सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चिह्नित किया जा रहा है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, देर रात नैनीताल रोड जाम करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए अराजकता करने वालों पर भी पुलिस की नजर है। पुलिस वीडियो और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर ऐसे लोगों की पहचान कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मतदान के दौरान अराजक तत्वों ने कॉलेज के आसपास चार से पांच स्थानों पर उपद्रव करने की योजना तैयार की थी। बताया जा रहा है कि पुलिस को हिंसा और हंगामे में उलझाकर छात्रसंघ चुनाव को प्रभावित करने की पूरी तैयारी थी।

खुफिया तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए शहर में अलग-अलग नाम से सक्रिय तथाकथित गिरोह के कई लोगों को मतदान से एक रात पहले ही हिरासत में ले लिया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, समय रहते की गई इस कार्रवाई का असर मतदान के दिन भी देखने को मिला और मतदान के दौरान कोई बड़ा उपद्रव नहीं हुआ। इससे कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली।

For latest news updates click here

News Update
Image

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *