Haldwani: हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र में बुधवार देर रात सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई। बरेली रोड स्थित एक कमर्शियल ऑफिस में 10 से 12 हथियारबंद बदमाश खुद को पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी SOG टीम बताकर घुस गए और तमंचों के दम पर लाखों की नकदी, सोने के जेवरात और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, वारदात के समय ऑफिस में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे और जुआ भी चल रहा था। देर रात एक कार से पहुंचे बदमाश सीधे ऑफिस के अंदर घुस गए। उन्होंने वहां मौजूद लोगों पर तमंचे तान दिए और खुद को SOG टीम का सदस्य बताया। अचानक हुई कार्रवाई से लोग इसे पुलिस की जुए पर छापेमारी समझ बैठे और किसी ने विरोध नहीं किया।
बदमाशों ने टेबल पर रखी करीब 8 लाख रुपये की नकदी समेट ली। इसके बाद वहां मौजूद लोगों से सोने की अंगूठियां और दो सोने की चेन भी उतरवा लीं। जाते समय आरोपी 12 मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। आशंका जताई जा रही है कि मोबाइल लूटने का मकसद लोगों को तत्काल पुलिस को सूचना देने से रोकना था।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी कार में बैठकर बरेली रोड की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार अलग अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस की मदद से बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
