Champawat: जिला चिकित्सालय चंपावत में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं बल्कि उनकी कर्मभूमि है। नई यूनिट शुरू होने से गंभीर और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर समय से उपलब्ध हो सकेंगे। चंपावत जिले में पहली बार यह सुविधा शुरू हुई है। इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला चिकित्सालयों में यह सुविधा केवल रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी।
उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है। अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस यूनिट जैसी सुविधाएं भी स्थापित की जा चुकी हैं। वहीं लगभग 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत के समग्र विकास के लिए सड़क, पार्किंग, पेयजल, ड्रेनेज, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। चंपावत रोडवेज स्टेशन में 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू होने वाला है।
जिले में 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है, जबकि 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाएं भी चंपावत के विकास को नई दिशा देंगी।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू होने से गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक रक्त घटक उपलब्ध होंगे और अन्य जिलों के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
