Haldwani: हल्द्वानी में नशे के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुखानी क्षेत्र से एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 121.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी सीज कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री के मिशन ड्रग फ्री देवभूमि अभियान और ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में मुखानी पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
20 अगस्त 2026 को मुखानी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संयुक्त टीम ने चंबल पुल के पास अटल पार्क के गेट के सामने एक युवक को स्मैक की तस्करी करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय अमित आर्य पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी बागजाला, गोलापार, थाना काठगोदाम, जिला नैनीताल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 121.95 ग्राम अवैध स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त हीरो डेस्टिनी स्कूटी संख्या UK 04AG 9041 बरामद की है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली मुखानी में एफआईआर संख्या 134/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद, कांस्टेबल बलवंत सिंह, कांस्टेबल रोहित कुमार, SOG कांस्टेबल भानु प्रताप और SOG कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा शामिल रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
