Haldwani: मिडिल-ईस्ट में चल रहे युद्ध के बीच देश के कई हिस्सों में रसोई गैस को लेकर चिंता का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी बीच देवभूमि उत्तराखंड के प्रमुख शहर हल्द्वानी में भी गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गई हैं। काठगोदाम क्षेत्र के शीशमहल स्थित गैस एजेंसी में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े दिखाई दिए।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि वे सुबह से ही सिलेंडर भरवाने के लिए लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन कई घंटों के इंतजार के बाद भी उनका नंबर नहीं आया। कई लोगों के घरों में गैस पूरी तरह खत्म हो चुकी है, जबकि कुछ के पास केवल दो से तीन दिनों की गैस ही बची हुई है। लोगों का कहना है कि गैस की गाड़ी उनके घरों तक नहीं पहुंच रही, जिसके कारण मजबूरन उन्हें खुद ही गैस गोदाम आकर लाइन में लगना पड़ रहा है।
स्थिति को देखते हुए मौके पर अफरा-तफरी जैसा माहौल भी देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर पहुंच रहे हैं, जिससे भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
सूचना मिलने पर एसडीएम हल्द्वानी प्रमोद कुमार भी मौके पर पहुंचे और गैस आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जनपद में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और एजेंसियों के पास डिमांड के अनुरूप पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उनके अनुसार ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग शुरू होने के बाद अचानक सिलेंडर लेने वालों की संख्या बढ़ गई है, जिससे एजेंसियों पर भीड़ दिखाई दे रही है।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और गैस की कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से गैस आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Chief Editor, Aaj Khabar
